
डोईवाला: डोईवाला स्थित शुगर मिल में सफाई कार्य के दौरान हुए हादसे में एक श्रमिक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य श्रमिक घायल हो गए। घटना के बाद मिल प्रशासन और पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया है, जबकि मिल प्रबंधन की ओर से मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार शुगर मिल का पेराई सत्र समाप्त होने के बाद मिल परिसर में सफाई और रखरखाव का काम चल रहा था। इसी दौरान बॉयलिंग हाउस में श्रमिक मिक्सर मशीन में जमी हुई चीनी को खुरचकर साफ कर रहे थे।
अचानक चल पड़ा पंप, श्रमिक आए चपेट में
सफाई के दौरान अचानक मिक्सर मशीन का पंप चल गया, जिससे वहां काम कर रहे श्रमिक उसकी चपेट में आ गए। हादसे में तीन श्रमिक घायल हो गए। मिल अधिकारियों ने तुरंत घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
घायलों में से एक श्रमिक की हालत गंभीर होने के कारण उसे जौलीग्रांट अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक उत्तर प्रदेश का रहने वाला
शुगर मिल के फैक्ट्री मैनेजर आशुतोष अग्निहोत्री ने बताया कि हादसे में 29 वर्षीय जगमोहन निवासी हरदोई (उत्तर प्रदेश) की मौत हो गई है। वहीं दो अन्य श्रमिक अरुण और घनश्याम को चोटें आई हैं, जिनका उपचार चल रहा है।
स्थानीय प्रतिक्रिया
मिल प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है, ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस ने भी मामले में आवश्यक कार्रवाई की है।







