
ऋषिकेश: राजाजी टाइगर रिजर्व और बड़कोट रेंज से सटे ग्रामीण क्षेत्रों में जंगली जानवरों की गतिविधियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। इसी क्रम में ग्राम पंचायत साहबनगर में गुरुवार देर रात गुलदार ने एक घर के आंगन से पालतू कुत्ते को उठा लिया। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार साहबनगर निवासी बलवंत सिंह रमोला के घर के आंगन में उनका पालतू कुत्ता बंधा हुआ था। देर रात गुलदार आंगन तक पहुंच गया और कुत्ते को उठाकर ले गया। सुबह जब बलवंत सिंह रमोला ने देखा कि कुत्ता घर में नहीं है, तो उन्होंने आसपास खोजबीन शुरू की।
कुछ दूरी पर स्थित गेहूं के खेत में कुत्ते का शव पड़ा मिला। इससे साफ हो गया कि गुलदार ने कुत्ते को शिकार बना लिया।
शाम होते ही गांव के आसपास दिख रहे जंगली जानवर
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय से गांव के आसपास जंगली जानवरों की आवाजाही बढ़ गई है। खासकर शाम ढलते ही हाथी और गुलदार गांव के नजदीक दिखाई देने लगे हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय प्रतिक्रिया
ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और जंगली जानवरों की गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में बड़ी घटना होने की आशंका बनी हुई है।





