
ऋषिकेश: ऋषिकेश में रसोई गैस की कमी को लेकर शुक्रवार को उपभोक्ताओं में नाराजगी देखने को मिली। गैस सिलिंडर समय पर नहीं मिलने से परेशान बड़ी संख्या में लोग राजीवनगर स्थित इंडेन गैस एजेंसी के गोदाम पहुंच गए और होम डिलीवरी के लिए निकल रहे वाहनों को बाहर नहीं जाने दिया। इसके कारण एजेंसी को गैस सिलिंडर सीधे गोदाम से ही उपभोक्ताओं को वितरित करने पड़े।
सुबह से ही कई उपभोक्ता गैस एजेंसी के कार्यालय और गोदाम के बाहर पहुंचने लगे थे। लोगों का कहना था कि बुकिंग कराने के बाद भी लंबे समय तक गैस सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है, जिससे उन्हें रोजमर्रा के कामकाज में परेशानी हो रही है।
उपभोक्ताओं ने पहले गैस देने की उठाई मांग
जब गैस से भरा वाहन गोदाम से होम डिलीवरी के लिए बाहर निकलने लगा, तो वहां मौजूद लोगों ने वाहन को रोक दिया और मांग की कि पहले गोदाम में मौजूद उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर दिया जाए। इसके बाद एजेंसी को मौके पर मौजूद लोगों को सीधे गोदाम से ही गैस उपलब्ध करानी पड़ी।
एजेंसी ने गोदाम से ही की गैस वितरण
इंडेन गैस एजेंसी के प्रबंधक राजेंद्र सजवाण ने बताया कि उपभोक्ताओं की भीड़ और विरोध के कारण शुक्रवार को होम डिलीवरी वाहन नहीं निकल पाए। इसलिए लोगों को सीधे गोदाम से ही गैस सिलिंडर वितरित किए गए।
उन्होंने बताया कि एजेंसी को शुक्रवार को भी गैस सिलिंडरों की नई खेप प्राप्त हुई है, जिन्हें शनिवार को होम डिलीवरी के माध्यम से उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जाएगा।




