
ऋषिकेश: ऋषिकेश क्षेत्र में गैस की कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को विभिन्न स्थानों पर आकस्मिक निरीक्षण अभियान चलाया। जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित टीम ने होटल, ढाबों और गैस एजेंसियों के गोदामों की जांच की। इसी दौरान खदरी खड़कमाफ क्षेत्र में घरेलू गैस सिलिंडरों से अवैध रिफिलिंग करते हुए एक कर्मचारी को रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
वाहन से मिले 37 घरेलू गैस सिलिंडर
एसडीएम योगेश मेहरा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान इंदिरानगर स्थित आशुतोष गैस सर्विस के एक वाहन की जांच की गई। जांच में वाहन से कुल 37 घरेलू गैस सिलिंडर बरामद हुए, जिनमें 30 भरे हुए और 7 खाली सिलिंडर थे। साथ ही वाहन पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी हुई थी, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया।
अवैध रिफिलिंग करते कर्मचारी पकड़ा
जांच के दौरान वाहन के पीछे बैठे अमन चौहान नामक कर्मचारी को घरेलू गैस सिलिंडरों से गैस निकालकर अवैध तरीके से खाली सिलिंडरों में भरते हुए पाया गया। मौके से गैस रिफिलिंग में इस्तेमाल होने वाला उपकरण, जिसे स्थानीय तौर पर ‘बांसुरी’ कहा जाता है, भी बरामद किया गया।
टीम ने आरोपी कर्मचारी को हिरासत में लेते हुए पूर्ति निरीक्षक ऋषिकेश की शिकायत पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत ऋषिकेश कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई।
सिलिंडर जब्त, वाहन कोतवाली में खड़ा कराया
कार्रवाई के दौरान वाहन में रखे सभी गैस सिलिंडरों को जब्त कर लिया गया और उन्हें अंकुर गैस एजेंसी के सुपुर्द किया गया। साथ ही संबंधित वाहन को कोतवाली परिसर में खड़ा करा दिया गया है।
स्थानीय प्रतिक्रिया
एसडीएम योगेश मेहरा ने बताया कि गैस की अवैध रिफिलिंग, कालाबाजारी या व्यवसायिक उपयोग में घरेलू गैस सिलिंडरों का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई के दौरान सीओ ऋषिकेश नीरज सेमवाल, पूर्ति निरीक्षक सुनील देवली और शिव प्रसाद भट्ट सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।







