
ऋषिकेश: ऋषिकेश–देहरादून मार्ग पर सात मोड़ स्थित काली मंदिर के पास बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार से आ रहा पत्थरों से लदा ट्रक तीव्र मोड़ पर अनियंत्रित होकर एक कार से टकराने के बाद सड़क पर पलट गया। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय काली मंदिर परिसर में भंडारे का आयोजन चल रहा था और कई लोग मंदिर के बाहर प्रसाद लेने के लिए खड़े थे। इसी दौरान तेज गति से आ रहा ट्रक मोड़ पर नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे खड़ी कार को टक्कर मारते हुए पलट गया।
कार मालिक बाल-बाल बचा
बताया जा रहा है कि हादसे के समय कार में कोई सवार नहीं था। कार मालिक राहुल उस समय अपने वाहन से कुछ दूरी पर खड़े होकर भंडारे का प्रसाद ले रहे थे। यदि कार में लोग बैठे होते तो हादसा गंभीर हो सकता था।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक चालक को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से सड़क पर पलटे ट्रक को हटवाकर यातायात को दोबारा सुचारु कराया।
ओवरलोड होने की आशंका
प्राथमिक जानकारी के अनुसार ट्रक पत्थरों से ओवरलोड था। माना जा रहा है कि अधिक वजन के कारण चालक तीव्र मोड़ पर वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे ट्रक पलट गया।
कोतवाली प्रभारी कैलाश भट्ट ने बताया कि दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। ट्रक चालक से पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।







