
ऋषिकेश: ऋषिकेश के गोविंद नगर स्थित कूड़ा डंपिंग जोन से जल्द ही कूड़े का पहाड़ हटने जा रहा है। नगर निगम ने यहां जमा लीगेसी वेस्ट को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और अप्रैल माह से इस स्थान पर कूड़ा डालना पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा।
कूड़ा निस्तारण के लिए करीब 6.79 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इसके साथ ही लालपानी बीट क्षेत्र में तैयार हो रहा कूड़ा निस्तारण केंद्र लगभग बनकर तैयार हो चुका है, जहां प्लांट में मशीनें लगाने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है।
लालपानी प्लांट अगले 15 दिनों में होगा तैयार
नगर निगम के अनुसार लालपानी स्थित कूड़ा निस्तारण प्लांट में अगले 15 दिनों के भीतर सभी मशीनें स्थापित कर दी जाएंगी। इसके बाद अप्रैल से इस प्लांट को संचालित करने की तैयारी की जा रही है, जिससे शहर के कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जा सकेगा।
मेयर और नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण
बुधवार को मेयर शंभू पासवान और नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवान ने गोविंद नगर कूड़ा डंपिंग ग्राउंड का निरीक्षण किया और कूड़ा निस्तारण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि कूड़ा निस्तारण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिसे लगभग एक महीने में पूरा कर लिया जाएगा।
टेंडर की शर्तों के अनुसार कूड़ा निस्तारण के लिए छह महीने का समय निर्धारित किया गया है। नगर निगम का दावा है कि इस अवधि के भीतर गोविंद नगर में जमा सभी लीगेसी वेस्ट का पूरी तरह निस्तारण कर दिया जाएगा।
स्थानीय लोगों को मिलेगी राहत
मेयर शंभू पासवान ने कहा कि गोविंद नगर में लंबे समय से कूड़े के ढेर के कारण आसपास के लोगों को दुर्गंध, गंदगी और बीमारियों का खतरा झेलना पड़ रहा था। कूड़ा हटने के बाद स्थानीय निवासियों को इन समस्याओं से राहत मिलेगी।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में इस स्थान पर दोबारा कूड़ा नहीं डाला जाएगा। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त रामगोपाल बिनवाल, सफाई निरीक्षक अभिषेक मल्होत्रा और सुभाष सेमवाल सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।





