
ऋषिकेश: नगर पंचायत स्वर्गाश्रम जौंक क्षेत्र में जल्द ही सड़कें और गंगा घाट दूधिया रोशनी से जगमगाते नजर आएंगे। स्थानीय निकाय की ओर से लक्ष्मणझूला और स्वर्गाश्रम क्षेत्र में सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए करीब 33 लाख रुपये की लागत से सात हाईमास्ट लाइटें स्थापित की जा रही हैं।
इन हाईमास्ट लाइटों की ऊंचाई अलग-अलग स्थानों के अनुसार 10, 12 और 16 मीटर रखी गई है। फिलहाल इन लाइटों को लगाने का कार्य प्रगति पर है और उम्मीद है कि अगले एक महीने के भीतर पूरा क्षेत्र बेहतर रोशनी से रोशन हो जाएगा।
पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए लिया गया निर्णय
स्वर्गाश्रम जौंक क्षेत्र ऋषिकेश का प्रमुख पर्यटन क्षेत्र है, जहां सालभर देश-विदेश से हजारों पर्यटक आते हैं। बावजूद इसके कई स्थानों पर सड़कें और गंगा घाट रात के समय अंधेरे में डूबे रहते हैं, जिससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी होती है।
निकाय प्रशासन का मानना है कि हाईमास्ट लाइट लगने से न केवल क्षेत्र की सुंदरता बढ़ेगी बल्कि सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी।
वन्यजीवों की गतिविधियों को देखते हुए बढ़ाई जा रही रोशनी
यह क्षेत्र राजाजी टाइगर रिजर्व की सीमा से सटा हुआ है। अंधेरा होने के कारण कई बार हाथी, गुलदार सहित अन्य वन्यजीवों की आवाजाही की घटनाएं सामने आती रही हैं। ऐसे में पर्याप्त रोशनी होने से लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
निकाय की ओर से बाघखाला, भूतनाथ मंदिर गेट के समीप, किरमोला घाट, गरूड़चट्टी और वानप्रस्थ घाट सहित विभिन्न स्थानों पर हाईमास्ट लाइट लगाने का कार्य किया जा रहा है।
अधिकारियों ने क्या कहा
नगर पंचायत स्वर्गाश्रम जौंक के अधिशासी अधिकारी दीपक शर्मा के अनुसार पर्यटन स्थल होने के कारण क्षेत्र में कई स्थानों पर रोशनी की कमी रहती है। इसे देखते हुए पर्यटकों और स्थानीय निवासियों की सुविधा के लिए सात हाईमास्ट लाइटें लगाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है, जिसे जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।





