
देहरादून: उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के कोटद्वार में ‘बाबा दुकान’ को लेकर शुरू हुआ तनाव थमने का नाम नहीं ले रहा है। 26 जनवरी के बाद से उठा यह मामला अब स्थानीय विवाद से आगे बढ़कर राष्ट्रीय स्तर की राजनीतिक बहस में तब्दील हो चुका है। मुस्लिम दुकानदार को भीड़ से बचाने वाले जिम ट्रेनर दीपक कुमार, जिन्होंने खुद को “मोहम्मद दीपक” बताकर हस्तक्षेप किया, देशभर में चर्चा का विषय बन गए हैं। जहां विपक्ष इस कदम को इंसानियत की मिसाल बता रहा है, वहीं सत्ताधारी भाजपा इसे अलग नजरिये से देख रही है।
दीपक से “मोहम्मद दीपक” बनने तक
कोटद्वार में एक कपड़ों की दुकान के नाम ‘बाबा’ को लेकर कुछ हिंदू संगठनों ने आपत्ति जताई थी। विवाद के बीच स्थानीय जिम ट्रेनर दीपक कुमार ने दुकान मालिक के समर्थन में हस्तक्षेप किया और भीड़ के सामने खुद को “मोहम्मद दीपक” बताया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही मामला और तूल पकड़ गया। कई लोग दीपक की सराहना करते दिखे और उनके समर्थन में ऑनलाइन अभियान शुरू हो गए।
यह भी पढ़ें: यह भी पढ़ें: कोटद्वार बाबा दुकान विवाद: इंसानियत के पक्ष में खड़े दीपक की ज़िंदगी बदली, परिवार डरा
संसद से सड़क तक गूंजा मामला
विवाद तब और बढ़ गया जब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने संसद में इस मुद्दे को उठाया। कांग्रेस का कहना है कि दीपक ने इंसानियत को प्राथमिकता देते हुए एक व्यक्ति की जान बचाई और यह संदेश दिया कि मानवता धर्म से ऊपर है। सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी दीपक से फोन पर बात कर उनके साहस की सराहना की। वहीं, नगीना से सांसद चंद्रशेखर आज़ाद रावण के भी कोटद्वार पहुंचने की चर्चा है।
सुरक्षा व्यवस्था सख्त
लगातार बढ़ते तनाव और राजनीतिक हलचल को देखते हुए पुलिस ने कोटद्वार में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और सोशल मीडिया पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन अफवाहों और उकसावे से निपटने के लिए पूरी तैयारी है।
भाजपा विधायक विनोद चमोली का बयान
भाजपा विधायक और पार्टी प्रवक्ता विनोद चमोली के बयान से विवाद और गहरा गया। उन्होंने कहा कि यदि दीपक अपने असली नाम से दुकानदार की रक्षा करता तो कोई आपत्ति नहीं होती, लेकिन खुद को “मोहम्मद दीपक” बताना जानबूझकर सुर्खियां बटोरने का प्रयास था। चमोली ने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस मुद्दे को राजनीतिक रंग दे रही है और एक विशेष समुदाय को प्राथमिकता दे रही है।
यह भी पढ़ें: “मेरा नाम मोहम्मद दीपक है”: कोटद्वार बाबा विवाद में हिंदू युवक की बहादुरी ने मचाया धमाल
धार्मिक स्वामित्व और पहाड़ों की चिंता
विनोद चमोली ने उत्तराखंड के सामाजिक-धार्मिक स्वरूप पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों, खासकर कोटद्वार जैसे इलाकों में इस तरह के विवादों का उभरना सामाजिक संतुलन के लिए खतरे की घंटी है। उन्होंने कांग्रेस पर पहाड़ों की जमीनी हकीकत से अनजान रहने का आरोप लगाया।
राहुल गांधी पर भी निशाना
भाजपा विधायक ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे हमेशा एक विशेष समुदाय के पक्ष में खड़े नजर आते हैं और इससे समाज में विभाजन बढ़ता है।
यह भी पढ़ें: कोटद्वार विवाद में राहुल गांधी की एंट्री, मोहम्मद दीपक को बताया संविधान का रक्षक
विपक्ष का जवाब
भाजपा के आरोपों पर कांग्रेस नेताओं ने पलटवार करते हुए कहा कि दीपक का कदम मानवता का उदाहरण है और इसमें धर्म या नाम को घसीटना दुर्भाग्यपूर्ण है। कांग्रेस का कहना है कि किसी की जान बचाने वाले व्यक्ति की नीयत और साहस को देखा जाना चाहिए, न कि उसकी पहचान को।







