
देहरादून। लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन के कारण देहरादून-मसूरी मार्ग कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गया है। संबंधित विभाग द्वारा मार्ग की मरम्मत और फिलहाल इसे हल्के वाहनों के लिए सुगम बनाया गया है, लेकिन यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।
पुलिस द्वारा जारी सूचना के अनुसार, देहरादून-मसूरी मुख्य मार्ग पर प्रतिदिन सुबह 6:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक ही हल्के वाहनों का संचालन होगा।
जबकि शाम 7:00 बजे से लेकर सुबह 6:00 बजे तक सभी वाहनों की आवाजाही पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगी।
हालांकि, इस अवधि में केवल आपातकालीन सेवाओं (जैसे एंबुलेंस, 108 सेवा आदि) को छूट प्रदान की जाएगी।
पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे दिए गए आदेशों का पालन करें और अपनी यात्रा की योजना उसी के अनुसार बनाएं। प्रशासन ने यह कदम लगातार भूस्खलन और रात के समय घना कोहरा होने से संभावित खतरे को देखते हुए उठाया है।







