
CUET PG 2026 आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी, पोस्टग्रेजुएट कोर्स में दाखिले की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए राहत भरी खबर है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट फॉर पोस्टग्रेजुएट (CUET PG 2026) के लिए आवेदन की अंतिम तिथि एक बार फिर बढ़ा दी है। जिन उम्मीदवारों ने अब तक आवेदन नहीं किया है, उन्हें अतिरिक्त समय दिया गया है। आधिकारिक नोटिस के अनुसार, अब ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 23 जनवरी 2026 तक जारी रहेगी।
इससे पहले CUET PG 2026 के लिए रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 20 जनवरी 2026 तय की गई थी, लेकिन उम्मीदवारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एनटीए ने समयसीमा बढ़ाने का निर्णय लिया है।
CUET PG 2026 का संशोधित शेड्यूल
एनटीए द्वारा जारी नए कार्यक्रम के अनुसार, CUET PG 2026 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 23 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 25 जनवरी 2026 होगी। वहीं, आवेदन फॉर्म में सुधार के लिए करेक्शन विंडो 28 जनवरी से 30 जनवरी 2026 तक खुली रहेगी। करेक्शन विंडो के दौरान उम्मीदवार अपने आवेदन में आवश्यक बदलाव कर सकेंगे।
उम्मीदवारों के लिए जरूरी निर्देश
एनटीए ने स्पष्ट किया है कि CUET PG 2026 के लिए आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। किसी अन्य माध्यम से भेजे गए आवेदन मान्य नहीं होंगे। प्रत्येक उम्मीदवार को केवल एक ही आवेदन फॉर्म भरने की सलाह दी गई है, क्योंकि एक से अधिक आवेदन करने पर फॉर्म रद्द किया जा सकता है।
इसके साथ ही उम्मीदवार यह सुनिश्चित करें कि रजिस्ट्रेशन के दौरान दिया गया ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर सक्रिय रहे, क्योंकि परीक्षा से संबंधित सभी महत्वपूर्ण सूचनाएं इन्हीं माध्यमों से भेजी जाएंगी।
CUET PG 2026 हेल्पलाइन
परीक्षा से जुड़े किसी भी प्रश्न या समस्या के समाधान के लिए उम्मीदवार एनटीए की हेल्पडेस्क से संपर्क कर सकते हैं। सहायता के लिए फोन नंबर 011-40759000, 011-69227700 और ईमेल helpdesk-cuetpg@nta.ac.in उपलब्ध है।
परीक्षा से जुड़ी अहम जानकारी
CUET PG 2026 परीक्षा 157 विषयों के लिए आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा देशभर के 292 शहरों के साथ-साथ भारत के बाहर 16 अंतरराष्ट्रीय शहरों में आयोजित होगी। CUET PG के माध्यम से केंद्रीय विश्वविद्यालयों के अलावा राज्य विश्वविद्यालयों, डीम्ड और निजी विश्वविद्यालयों में पीजी पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाएगा।
CUET PG 2026 के लिए आवेदन कैसे करें
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं और CUET PG 2026 रजिस्ट्रेशन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद आवश्यक व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरकर रजिस्ट्रेशन पूरा करें। एप्लिकेशन नंबर और पासवर्ड से लॉगिन कर परीक्षा शहर और प्रोग्राम का चयन करें। आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने के बाद आवेदन शुल्क जमा करें और अंत में फॉर्म सबमिट कर कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड कर लें।







