
देहरादून: उत्तराखंड में इन दिनों पहाड़ से लेकर मैदान तक हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है। कड़ाके की सर्दी के चलते लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है और ठंड से बचाव के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। मौसम विभाग ने कई जिलों में घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
नैनीताल जिले के मैदानी इलाकों में घना कोहरा
नैनीताल जिले के हल्द्वानी, कालाढूंगी, रामनगर, बैलपड़ाव, पिरूमदारा और प्रतापपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही कोहरे की घनी चादर छाई रही। कई स्थानों पर दृश्यता घटकर 40 से 50 मीटर तक सिमट गई। घने कोहरे के कारण राष्ट्रीय राजमार्गों और संपर्क सड़कों पर वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों और लंबी दूरी के यात्रियों को बेहद धीमी गति से वाहन चलाने को मजबूर होना पड़ा, जिससे यातायात रुक-रुक कर चलता नजर आया।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान और अलर्ट
उत्तराखंड मौसम विभाग के अनुसार, आज प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन हरिद्वार, उधम सिंह नगर, नैनीताल, चंपावत, पौड़ी और देहरादून जनपदों के मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। उधम सिंह नगर में शीत दिवस रहने का अंदेशा जताया गया है, जिसके चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है।
राजधानी देहरादून में आसमान मुख्यतः साफ रहेगा, हालांकि कुहासा छाए रहने की संभावना बनी हुई है। यहां अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 22 डिग्री सेल्सियस और 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
कोहरे से घट रही दृश्यता, बढ़ रहा जोखिम
मैदानी क्षेत्रों में सुबह और शाम के समय कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम हो रही है। सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आ रहे हैं और चालक लाइट जलाकर आवाजाही कर रहे हैं। पर्वतीय इलाकों में सड़कों पर पाला जमने से फिसलन बढ़ गई है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। दिन में तेज धूप निकलने पर लोगों को कुछ राहत जरूर मिल रही है, लेकिन सुबह-शाम ठंड का असर बना हुआ है।
केदारनाथ धाम में बर्फबारी जारी
केदारनाथ धाम में बर्फबारी का दौर लगातार जारी है। भारी बर्फबारी के चलते पुनर्निर्माण कार्यों पर ब्रेक लग गया है। माइनस तापमान में भी आईटीबीपी के जवान धाम की सुरक्षा में डटे हुए हैं। बर्फबारी के कारण ठंड का प्रकोप और बढ़ गया है, जिससे वहां कार्य करना मुश्किल हो रहा है।




