
चौखुटिया: उत्तराखंड सरकार ने चौखुटिया उप जिला चिकित्सालय को सुदृढ़ बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल के संचालन को प्रभावी बनाने के लिए 53 नए पदों के सृजन के साथ-साथ भवन विस्तार, क्षमता वृद्धि और आधुनिक सुविधाओं के लिए 25 लाख रुपये की धनराशि जारी करने का शासनादेश जारी किया है। इस फैसले से क्षेत्रीय जनता को अपने ही क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होने की उम्मीद जगी है।
53 नए पदों को मिली स्वीकृति
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार चौखुटिया उप जिला चिकित्सालय के लिए कुल 53 पद सृजित किए गए हैं। इनमें 42 पद नियमित रूप से भरे जाएंगे, जबकि शेष पदों को आउटसोर्स व्यवस्था के तहत नियुक्त किया जाएगा। इन पदों के सृजन से अस्पताल में लंबे समय से चली आ रही स्टाफ की कमी दूर होने की संभावना है।
विशेषज्ञ चिकित्सकों की होगी तैनाती
नए सृजित पदों में फिजिशियन, सर्जन, बाल रोग विशेषज्ञ, स्त्री रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, अस्थि रोग विशेषज्ञ, रेडियोलॉजिस्ट, ईएनटी सर्जन, सार्वजनिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ, जनरल ड्यूटी मेडिकल ऑफिसर, चर्म रोग विशेषज्ञ और दंत रोग विशेषज्ञ जैसे महत्वपूर्ण पद शामिल हैं। इसके अलावा नर्स, लैब टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट और अन्य पैरामेडिकल स्टाफ के पद भी स्वीकृत किए गए हैं।
25 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत
भवन विस्तार और प्रारंभिक निर्माण कार्यों के लिए 25 लाख रुपये की धनराशि जारी की गई है। यह राशि उत्तराखंड कृषि उत्पादन विपणन बोर्ड द्वारा तैयार 87.20 लाख रुपये के अनुमानित बजट के सापेक्ष डीपीआर और शुरुआती कार्यों के लिए स्वीकृत की गई है। शासनादेश में निर्माण कार्यों के दौरान तय मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार का उद्देश्य
स्वास्थ्य सचिव डा. आर राजेश कुमार ने बताया कि चौखुटिया को उप जिला चिकित्सालय के रूप में विकसित करने से मानव संसाधन की उपलब्धता बढ़ेगी और विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती संभव होगी। आधुनिक भवन और सुविधाओं के साथ क्षेत्रीय जनता को अपने घर के पास ही सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।





